अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक दिलचस्प खबर सामने आई है. यहां एक मुस्लिम युवक मंदिर पहुंचा और पूरी विधिपूर्वक सनातन धर्म को अपना लिया. अब यह युवक कृष्णा यादव बन चुका है. उसका कहना है कि उसने सनातन धर्म की खूबसूरती देख यह धर्म अपनाया है. आइए जानते हैं सबकुछ
यह है माजरा
युवक थाना कैंट क्षेत्र के करमअली का पुरवा में किराए पर रहता है. अयोध्या में ही एक मिठाई की दुकान पर काम करता है. उसके माता-पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है. उसकी बहन शबनम रायपुर रोड कोटसराय में रहती है. मुस्लिम से हिंदू बने कृष्णा यादव ने बताया कि उन्हें अपने धर्म से ज्यादा सनातन धर्म में दिलचस्पी थी. वह पिछले कुछ समय से सनातन धर्म की शिक्षा, परंपराएं और संस्कृति से गहराई से प्रभावित थे. मंदिरों में होने वाली आरती, पूजा-पाठ और धार्मिक ग्रंथों की व्याख्या ने उनके मन में गहरी श्रद्धा उत्पन्न की. इसी भावना से प्रेरित होकर उन्होंने सनातन धर्म को अपनाने का फैसला लिया.
क्या बोला शख्स?
धार्मिक दीक्षा के समय भरतकुंड स्थित मंदिर के महंत परमात्मा दास तथा अन्य श्रद्धालु मौजूद थे. सभी ने कृष्णा यादव का धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार स्वागत किया. इस अवसर पर उन्हें हनुमान चालीसा भेंट की गई और प्रसाद भी दिया.
महंत परमात्मा दास ने कहा कि धर्म किसी जाति या संप्रदाय का बंधन नहीं होता, बल्कि यह आत्मा की पुकार होती है. कृष्णा ने जिस श्रद्धा से सनातन धर्म को अपनाया है, वह समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है. वहीं, कृष्णा ने कहा कि वह अब सनातन धर्म के अनुसार जीवन जीएंगे. वह नियमित रूप से मंदिर में पूजा-पाठ करेंगे.


