छत्तीसगढ़। शराब प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश में आगामी 18 दिसंबर 2025 को गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया गया है। शासन के आदेश पर पूरे राज्य में सभी शराब दुकानें एक दिन के लिए बंद रहेंगी। इसके लिए जिला आबकारी अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
गुरु घासीदास, जो सतनामी संप्रदाय के संस्थापक और समाज सुधारक माने जाते हैं, उनकी जयंती 18 दिसंबर को बड़े पैमाने पर छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में मनाई जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पूरे प्रदेश में मदिरा बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया है।
इधर कांकेर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने भी आदेश जारी करते हुए कहा कि जिले की सभी देशी–विदेशी मदिरा दुकानें, FL 4(क) व्यवसायिक क्लब, FL 7 सैनिक कैंटीन 18 दिसंबर को पूर्णतः बंद रहेंगी।
कलेक्टर ने जिला आबकारी अधिकारी को आदेशित किया है कि शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब का संग्रहण, परिवहन, विनिर्माण और विक्रय पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शुष्क दिवस का यह आदेश अब पूरे जिले व प्रदेश में लागू रहेगा।


