कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के संगठनात्मक इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया, जब जिले के नवीन एवं भव्य जिला कार्यालय “अटल स्मृति भवन” का भूमिपूजन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी का दूरदर्शी नेतृत्व, अथक परिश्रम और संगठन के प्रति अटूट समर्पण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा जिला कोरबा ने संगठन को केवल चुनावी मंच तक सीमित न रखते हुए उसे वैचारिक, संरचनात्मक और जनसेवा के मजबूत आधार पर स्थापित करने का कार्य किया है। “सेवा ही संगठन है” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं की आवश्यकता, प्रशिक्षण, संवाद और संगठनात्मक विस्तार को प्राथमिकता दी, जिसका प्रतिफल आज ‘अटल स्मृति भवन’ के रूप में सामने आया है।

लगभग 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर प्रस्तावित यह अत्याधुनिक कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संकल्प का स्थायी प्रतीक होगा। दूर-दराज़ से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए यह भवन प्रशिक्षण, वैचारिक विमर्श, संगठनात्मक बैठकों और जनसेवा गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय जी सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने अपने उद्बोधन में जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी एवं उनकी पूरी टीम को इस ऐतिहासिक पहल के लिए बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। नेताओं ने कहा कि गोपाल मोदी जी के नेतृत्व में कोरबा भाजपा ने संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ता सम्मान और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक दूरगामी निर्णय लिया है।
श्री गोपाल मोदी जी ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि “अटल स्मृति भवन” राष्ट्रनायक भारत रत्न श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों, मूल्यों और आदर्शों को समर्पित रहेगा तथा यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।

आज कोरबा भाजपा संगठन ने यह सिद्ध कर दिया कि सशक्त नेतृत्व, स्पष्ट दृष्टि और समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ कोई भी सपना असंभव नहीं। जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी जी के नेतृत्व में यह उपलब्धि निश्चित रूप से भाजपा कोरबा के संगठनात्मक विकास की नई इबारत लिखेगी।


