कोरबा। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा घोषित नई टीम में युवा और ऊर्जावान नेता निहाल सोनी को कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके मंडल अध्यक्ष बनने की खबर सामने आते ही युवा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की सहमति तथा भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिया के अनुमोदन के बाद यह सूची जारी की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा ने जिला कोरबा की नई टीम की घोषणा की है। नई टीम के गठन को संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एबीवीपी से शुरू हुई राजनीतिक यात्रा
निहाल सोनी की पहचान एक सक्रिय और समर्पित युवा कार्यकर्ता के रूप में रही है। उन्होंने छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की। परिषद में वे कोरबा जिला संयोजक और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सक्रिय रहे तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार कार्य करते रहे हैं।
युवाओं के बीच मजबूत पहचान

निहाल सोनी लंबे समय से समाज सेवा और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि निहाल सोनी के नेतृत्व में कोसाबाड़ी मंडल में संगठन को नई ऊर्जा और गति मिलेगी। उनकी कार्यशैली, समर्पण और सक्रियता से भाजपा युवा मोर्चा को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर निहाल सोनी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए लगातार कार्य करेंगे।


