छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों एक चर्चा तेजी से तैर रही है — मंत्रिमंडल में बड़ी सर्जरी की तैयारी। सत्ता के गलियारों में कहा जा रहा है कि मई महीने में कैबिनेट में बड़ा फेरबदल हो सकता है।
सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री को छोड़कर बाकी मंत्रियों से इस्तीफे लेकर मंत्रिमंडल को नए सिरे से सजाने की योजना बन रही है। इसके साथ ही कई मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं ताकि सरकार की कार्यशैली में नई रफ्तार लाई जा सके।
सियासी चर्चा यह भी है कि मौजूदा टीम के साथ 2028 का चुनावी मैदान जीतना आसान नहीं होगा, इसलिए पार्टी अब परफॉर्मेंस के आधार पर फैसला लेने के मूड में दिखाई दे रही है। खबरें हैं कि 12 मंत्रियों में से 4 से 5 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि कुछ मंत्रियों को हल्के विभाग देकर जिम्मेदारी कम की जा सकती है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मई में सरकार के ढाई साल पूरे होने जा रहे हैं, जिसे सत्ता का “इंटरवल” माना जा रहा है। इसके बाद सरकार के पास काम दिखाने के लिए करीब डेढ़ साल का ही समय बचेगा, क्योंकि चुनावी साल में प्रशासनिक काम अक्सर धीमे पड़ जाते हैं।
अब सवाल यही है —
क्या सच में मंत्रिमंडल में बड़ी सर्जरी होगी, या फिर यह सिर्फ सियासी गलियारों की गर्म चर्चा बनकर रह जाएगी?
इसका जवाब आने वाला वक्त ही देगा।


