स्वच्छता में राष्ट्रीय अवार्ड, रोज 200 से ज्यादा लोगों की समस्याओं का समाधान – बिना प्रचार के कर रहीं जनसेवा
कोरबा। नगर निगम कोरबा की महापौर संजू सिंह राजपूत की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। स्वच्छता और जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों की चर्चा अब केवल कोरबा या जिले तक सीमित नहीं रही, बल्कि दिल्ली तक उनके काम की सराहना हो रही है। स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का अवार्ड भी मिल चुका है।
महापौर के निवास पर प्रतिदिन लगभग 200 से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, जहां संजू सिंह राजपूत स्वयं लोगों की बात सुनकर संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश देती हैं। खास बात यह है कि वह अपने इन कार्यों का सोशल मीडिया या प्रिंट मीडिया में प्रचार नहीं करतीं, बल्कि चुपचाप लोगों की सेवा में लगी रहती हैं।
शहर में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए महापौर ने हाल ही में एक नई पहल करते हुए समस्या समाधान बॉक्स की व्यवस्था शुरू की है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और साकेत भवन में लगाए गए इन बॉक्स में नागरिक पानी, बिजली और सफाई से जुड़ी शिकायतें डाल सकते हैं, जिनका 24 घंटे के भीतर समाधान करने का लक्ष्य रखा गया है।
महापौर संजू सिंह राजपूत ने पिछला चुनाव करीब 50 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीतकर अपनी मजबूत जनाधार का परिचय दिया था। अब उनकी बढ़ती लोकप्रियता और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि आने वाले समय में उन्हें महापौर के साथ राज्य मंत्री का दर्जा भी मिल सकता है।
फिलहाल शहर में उनकी पहचान एक ऐसी जनप्रतिनिधि के रूप में बन रही है, जो बिना प्रचार के लगातार जनसेवा में जुटी हुई हैं और लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं।


