बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए शालीमार–एलटीटी–शालीमार एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त एसी-3 टियर कोच जोड़ा जाएगा। साथ ही बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब ताजा कच्चा नारियल पानी भी उपलब्ध कराया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 18030 शालीमार–एलटीटी एक्सप्रेस में 27 जून से 3 जुलाई तक अतिरिक्त एसी-3 कोच लगाया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 18029 एलटीटी–शालीमार एक्सप्रेस में यह सुविधा 29 जून से 5 जुलाई तक मिलेगी। इस निर्णय का उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों को कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराना और भीड़ का दबाव कम करना है।
बिलासपुर स्टेशन पर शुरू हुई नारियल पानी की सुविधा
यात्रियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने न्यू इनोवेटिव आइडिया योजना के तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर ताजे कच्चे नारियल पानी की बिक्री शुरू कर दी है। शुक्रवार, 26 जून से यह सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध हो गई है।
रेलवे का मानना है कि गर्मी के मौसम में यात्रियों को प्राकृतिक, पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक पेय उपलब्ध कराने से सफर अधिक आरामदायक होगा। यह पहल यात्रियों को शीतल पेय के बेहतर विकल्प के रूप में नारियल पानी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


