नदारद रहे चर्चित चेहरों वाले पोस्टर
कोरबा। 2 फरवरी को भाजपा कार्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान जिला भाजपा की राजनीति का एक अलग ही चेहरा सामने आया। विष्णुदेव साय सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों के आगमन वाले इस बड़े आयोजन में वे चेहरे पूरी तरह नदारद रहे, जो अब तक हर स्वागत द्वार और हर पोस्टर पर सबसे आगे दिखाई देते थे।
हैरानी की बात यह रही कि इस बार नरेंद्र देवांगन, नरेंद्र पाटनवार के साथ-साथ मंत्री लखन लाल देवांगन के मीडिया प्रभारी आकाश सक्सेना के पोस्टर भी शहर के किसी प्रमुख चौक, स्वागत द्वार या कार्यक्रम स्थल के आसपास नजर नहीं आए। जो चेहरे अब तक हर बड़े आयोजन में हार्दिक अभिनंदन और बधाई वाले पोस्टरों के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराते थे, उनका इस तरह अचानक गायब होना राजनीतिक गलियारों में तीखी चर्चा का विषय बन गया।
राजनीतिक जानकार इसे किसी तकनीकी चूक का मामला मानने को तैयार नहीं हैं। भाजपा जैसी अनुशासित पार्टी में पोस्टर किसका लगेगा और किसका नहीं—यह फैसला यूं ही नहीं होता। ऐसे में नरेंद्र देवांगन, नरेंद्र पाटनवार और आकाश सक्सेना का एक साथ पोस्टरों से गायब होना इस ओर इशारा करता है कि जिला भाजपा के भीतर समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।
2 फरवरी का भूमि पूजन कार्यक्रम सिर्फ नए कार्यालय की शुरुआत नहीं रहा, बल्कि इसने यह भी साफ कर दिया कि कोरबा भाजपा की राजनीति में बहुत कुछ पर्दे के पीछे घट रहा है। पोस्टर भले ही न लगे हों, लेकिन संदेश बेहद तीखा और साफ होकर सामने आ गया।


