कोरबा/पाली। ग्राम पंचायतों के विकास के नाम पर करोड़ों की योजनाएं भले ही फाइलों में चमक रही हों, लेकिन पाली जनपद की ग्राम पंचायत मादन में बन रही 20 लाख रुपये की सीसी रोड ने सिस्टम की असल तस्वीर सामने रख दी है। सड़क निर्माण में स्वीकृत स्टीमेट और तकनीकी मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीमेंट–गिट्टी–रेत का अनुपात मनमाने ढंग से रखा गया है। रोजगार गारंटी के नाम पर स्वीकृत कार्य में मजदूरों की जगह मिलर मशीन चलाकर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को काम से वंचित किया गया। मजबूती के लिए जरूरी वाइब्रेटर का उपयोग नहीं हो रहा और सड़क के नीचे पालीथिन शीट की जगह रेत की मोटी परत बिछा दी गई है।
सड़क की मोटाई भी सवालों के घेरे में है—किनारों पर 8 इंच, जबकि बीच में महज 3–4 इंच मोटाई बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि निर्माण के साथ ही पाइपलाइन के नाम पर कोर कटिंग की तैयारी शुरू हो गई है, जिससे नई सड़क तोड़ने की नौबत आ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि योजना और समन्वय होता, तो यह लापरवाही नहीं होती।
आरोप है कि सरपंच–सचिव ने मोटी कमीशन लेकर काम एक अघोषित ठेकेदार को सौंप दिया, और विभागीय अधिकारी निरीक्षण तक नहीं कर रहे। ग्रामीण याद दिलाते हैं कि करीब 10 साल पहले इसी सड़क पर लाखों खर्च हुए थे, लेकिन घटिया निर्माण के कारण वह जल्द ही जर्जर हो गई थी।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई शून्य है। अब ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत करने का फैसला लिया है, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके। सवाल साफ है—क्या यह सड़क जनता के लिए बन रही है, या फिर भ्रष्टाचार की नई परत बिछाई जा रही है?

Share.

About Us

हमारी यह समाचार पोर्टल वेबसाइट नवीनतम ख़बरों, विस्तृत विश्लेषण और सामयिक घटनाओं की सटीक जानकारी प्रदान करती है। कन्हैया सोनी द्वारा स्थापित और संपादित, हम निष्पक्ष और विश्वसनीय समाचारों के प्रति समर्पित हैं।

Contact Us

 Editor: कन्हैया सोनी

Contact No.: +91 89596 82168
Email : kaniyason2521@gmail.com

Follow For More

© 2025 Soni Narad Muni News. All Rights Reserved. Developed by Nimble Technology

Exit mobile version