छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा के वरिष्ठ, कर्तव्यनिष्ठ एवं अनुशासित अधिकारी आईपीएस प्रखर पांडेय का रविवार की शाम लगभग 4:15 बजे रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में हृदयघात से आकस्मिक निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें भिलाई से रायपुर लाया गया था, जहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से प्रदेश के पुलिस महकमे और प्रशासनिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्वर्गीय श्री पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय, रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), सीआईडी के पद पर पदस्थ थे। अपने लंबे और प्रतिष्ठित सेवाकाल में उन्होंने कबीरधाम, सूरजपुर एवं दुर्ग जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में तथा बिलासपुर और राजनांदगांव में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वे एक ईमानदार, संवेदनशील और जनहित को सर्वोपरि रखने वाले अधिकारी के रूप में सदैव स्मरण किए जाएंगे।
उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे और गहरी संवेदना व्यक्त की। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ सहित विभिन्न संगठनों ने उनके निधन पर शोक प्रकट करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
ॐ शांति।


