नेताओं ने गिनाईं उपलब्धियां, कार्यकर्ताओं को जनसेवा और जनसंपर्क का दिया संदेश
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को शहर में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। भाजपा जिला मुख्यालय पं. दीनदयाल कुंज, टीपी नगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद आयोजित गोष्ठी में पार्टी की विचारधारा, इतिहास और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर उद्योग एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, डॉ. राजीव सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पूरे परिसर को आकर्षक सजावट, रंगोली और दीपों से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम स्थल उत्सवमय नजर आया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित किया।
नेताओं ने कहा कि भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी, जबकि इसकी वैचारिक नींव भारतीय जनसंघ से जुड़ी है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के योगदान को याद किया और लोकतंत्र की रक्षा में उनके संघर्षों का उल्लेख किया।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने हमेशा सिद्धांतों की राजनीति की और देश को मजबूत दिशा दी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए फैसलों और जनकल्याणकारी योजनाओं को भी देश के विकास की पहचान बताया गया।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे अपने घरों में पार्टी का ध्वज फहराएं और “गांव चलो–बस्ती चलो” अभियान के तहत जनसंपर्क कर सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं। साथ ही स्वच्छता अभियान और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे आयोजन में पार्टी के प्रति समर्पण और ऊर्जा का माहौल दिखाई दिया।



