पत्रकार हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प, प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह पर भी हुई चर्चा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ छत्तीसगढ़ ने अपने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की। आयोजित कार्यक्रम में संघ के प्रदेश महासचिव तरुण कौशिक एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष रामनारायण यादव की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रयास कुमार कैवर्त को जिला अध्यक्ष, राजेन्द्र प्रसाद सोनी को जिला उपाध्यक्ष तथा नूर मोहम्मद खान को जिला सचिव नियुक्त किया गया। नव नियुक्त पदाधिकारियों ने पत्रकारों के हितों की रक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने और संगठन को जिलेभर में मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
प्रदेश महासचिव तरुण कौशिक ने कहा कि ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश कोषाध्यक्ष रामनारायण यादव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनकी एकजुटता समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ सदस्य एवं पत्रकार सीता बनाफर, श्रीनिवास सुमेर, भागवत प्रसाद तथा प्रदीप सिंह सोलंकी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
बैठक में ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित किए जाने वाले आगामी प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन पत्रकार एकता, संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।



