कोरबा। प्रतिभा जब मेहनत से मिलती है तो परिणाम इतिहास रचते हैं। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा घोषित एम.ए. (अंग्रेजी) के अंतिम सेमेस्टर परिणाम में कोरबा की होनहार छात्रा निकिता सिंह राजपूत ने शानदार प्रदर्शन कर शहर को गौरवान्वित किया है।
कमला नेहरू महाविद्यालय की छात्रा निकिता ने अपने विषय में उत्कृष्ट अंक अर्जित करते हुए विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में सातवां स्थान हासिल किया। उनकी इस सफलता ने न सिर्फ महाविद्यालय बल्कि पूरे कोरबा शहर में खुशी की लहर दौड़ा दी है।
निकिता का कहना है कि निरंतर अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। वे अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को देती हैं।
शहर के शिक्षाविदों का मानना है कि निकिता जैसी छात्राएं कोरबा की शैक्षणिक पहचान को नई ऊंचाई दे रही हैं। उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।



