छत्तीसगढ़ की राजनीति में अमित जोगी एक ऐसे नाम हैं, जिन्हें नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। उन्हें कोई पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का पुत्र कहता है, कोई युवा नेता, तो कोई बेवाक वक्ता। बेवाक इसलिए, क्योंकि अमित जोगी अपनी कमियों और गलतियों को स्वीकार करने से पीछे नहीं हटते।
काफी समय तक राजनीतिक रूप से निष्क्रिय रहने के बाद अमित जोगी एक बार फिर सक्रिय नज़र आ रहे हैं। नारद मुनि न्यूज़ की ओर से जब उनसे सवाल किया गया, तो उन्होंने अपने जीवन के सबसे कठिन दौर को खुलकर साझा किया। अमित जोगी ने कहा कि आज से करीब पाँच साल पहले उनके पिता अजीत जोगी का देहांत हो गया था। वे अपने पिता को पिता, गुरु और भगवान — सब कुछ मानते थे। उनके जाने के बाद जीवन में अंधेरा छा गया और यह समझना मुश्किल हो गया कि आगे क्या करें और क्या न करें।
उन्होंने बताया कि वह समय आत्ममंथन का था — खुद को ढूंढने का, अपनी बुराइयों और कमियों से बाहर निकलने का। नए साल में खुद को वह “नया अमित जोगी” महसूस कर रहे हैं, ठीक वैसे ही जैसे प्रदेश में नई फसल आती है। उन्होंने कहा कि आज जो अमित जोगी नारद मुनि न्यूज़ के संपादक कन्हैया सोनी से बात कर रहा है, वह पुराना नहीं, बल्कि बदला हुआ अमित जोगी है।
चर्चा को आगे बढ़ाते हुए जब उनसे पूछा गया कि उनकी स्वतंत्र पहचान अब तक क्यों नहीं बन पाई और लोग उन्हें आज भी अजीत जोगी का पुत्र ही क्यों जानते हैं, तो उन्होंने इसे सहजता से स्वीकार किया। अमित जोगी ने कहा कि अजीत जोगी का पुत्र होना उनकी पहचान भी है और एक विरासत भी — लेकिन यह सत्ता की नहीं, संघर्ष की विरासत है।
उन्होंने साफ कहा कि अजीत जोगी जैसा दिमाग उनके पास न तो है और न हो सकता है, लेकिन वह भगवान से यही प्रार्थना करते हैं कि उन्हें पिता जैसा दिल मिले, जो गरीबों की पीड़ा समझ सके और उनके लिए संघर्ष कर सके। अजीत जोगी और अमित जोगी के बीच अंतर बताते हुए उन्होंने कहा कि जहां अजीत जोगी ने राजनीति दिल से की, वहीं उन्होंने अब तक राजनीति दिमाग से की — लेकिन अब वह यह बदल रहे हैं।
अंत में अमित जोगी ने स्वीकार किया कि अजीत जोगी के पुत्र होने के कारण उन्हें अवसर तो बहुत मिले, लेकिन वह उनका सही उपयोग नहीं कर पाए। अब वह राजनीति दिमाग से नहीं, बल्कि दिल से करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

Share.

About Us

हमारी यह समाचार पोर्टल वेबसाइट नवीनतम ख़बरों, विस्तृत विश्लेषण और सामयिक घटनाओं की सटीक जानकारी प्रदान करती है। कन्हैया सोनी द्वारा स्थापित और संपादित, हम निष्पक्ष और विश्वसनीय समाचारों के प्रति समर्पित हैं।

Contact Us

 Editor: कन्हैया सोनी

Contact No.: +91 89596 82168
Email : kaniyason2521@gmail.com

Follow For More

© 2025 Soni Narad Muni News. All Rights Reserved. Developed by Nimble Technology

Exit mobile version