सर्वमंगला मंदिर स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के लिए विशेष आयोजन, सेवा और इंसानियत का संदेश
कोरबा। वर्ल्ड मेमन डे (World Memon Day) के अवसर पर 12 अप्रैल को मेमन समुदाय द्वारा सेवा और मानवता की अनूठी पहल की जा रही है। इस अवसर पर कोरबा के सर्वमंगला मंदिर स्थित वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्ध महिलाओं के लिए विशेष भोजन का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम कल दोपहर 12:00 बजे आयोजित होगा, जिसमें मेमन जमात के सदस्य वृद्धाओं को स्नेहपूर्वक भोजन कराएंगे। इस आयोजन का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और बुजुर्ग वर्ग के बीच सेवा, सहयोग और अपनत्व का संदेश पहुंचाना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कोरबा मेमन जमात के अध्यक्ष हाजी अमीन शेखानी ने बताया कि वर्ल्ड मेमन डे हर वर्ष इंसानियत, एकता और समाज सेवा के भाव के साथ मनाया जाता है। इसी कड़ी में यह आयोजन किया जा रहा है, ताकि बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके।
उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।



