कोरबा। रंगों का त्योहार इस बार शहर में केवल अबीर-गुलाल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राजनीतिक रंग भी खुलकर दिखाई देंगे। 4 मार्च, बुधवार को होने वाले अलग-अलग होली मिलन समारोहों को सियासी हलकों में शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
दर्री रोड स्थित स्वर्ण सिटी में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। दो मार्च को उनके जन्मदिन पर निवास पर उमड़ी भीड़ ने पहले ही राजनीतिक चर्चा को गर्म कर दिया है।
वहीं भाजपा खेमे में भी एक ही दिन तीन स्थानों पर होली मिलन के आयोजन तय हैं। प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन अपने चारपारा कोहड़िया स्थित निवास पर सुबह 9 से 12 बजे तक कार्यक्रम रख रहे हैं। पूर्व महापौर योगेश लांबा रानी रोड धनवारपारा स्थित निवास पर समर्थकों संग होली मिलन करेंगे, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने चित्रा टाकीज प्रांगण में आयोजन का आमंत्रण जारी किया है।
शहर में इन आयोजनों को लेकर चर्चा तेज है। आमजन भी दिलचस्पी से देख रहे हैं कि किस आयोजन में कितनी भीड़ उमड़ती है और कौन सा नेता जनसमर्थन के मामले में भारी पड़ता है।
होली के बहाने सियासी सरगर्मी बढ़ चुकी है। अब 4 मार्च को रंगों के साथ-साथ राजनीतिक ताकत का रंग भी साफ नजर आएगा।



