बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय “लोक सेवा गौरव सम्मान समारोह” गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित बंसीवाला होटल में आयोजित इस समारोह में पत्रकारिता, शिक्षा, समाज सेवा, संस्कृति, कला, पुलिस, प्रशासन एवं शहीद परिवारों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतांजलि जितेंद्र कौशिक ने की, जबकि वरिष्ठ पत्रकार अमित मिश्रा और रमन दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। द्वितीय सत्र में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाटापारा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने की। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि समाज और राष्ट्र के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना समाज की सकारात्मक सोच और सेवा संस्कृति को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार, शिक्षक, समाजसेवी, कलाकार, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे लोगों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनता है।
समारोह के दौरान प्रदेशभर से आए पत्रकारों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभाओं का सभागार में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ के प्रदेशाध्यक्ष हरीश चौबे, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रदेश महासचिव तरुण कौशिक, प्रदेश कोषाध्यक्ष रामनारायण यादव सहित संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में प्रदेश महासचिव तरुण कौशिक ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं, पत्रकारों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन भविष्य में भी जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजनों का आयोजन करता रहेगा।



