छत्तीसगढ़ सरकार ने शिक्षकों की लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्त कदम उठाने का ऐलान किया है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने साफ कहा है कि अब जो भी शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंचते पाए जाएंगे, उन्हें तत्काल बर्खास्त कर उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी।
मंत्री यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार लगातार शिक्षकों के वेतन और सुविधाओं में बढ़ोतरी कर रही है, लेकिन इसके साथ ही उनका अनुशासन और जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। प्रदेशभर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ शिक्षक शराब पीकर स्कूल पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई बिगाड़ रहे हैं और समय गुजार रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे शिक्षकों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों को न केवल नौकरी से बाहर किया जाएगा बल्कि सीधे पुलिस कार्रवाई का भी सामना करना पड़ेगा।
हाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों से ऐसी घटनाएं सामने आईं थीं, जिनसे न केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई बल्कि उनके व्यवहार पर भी गलत असर पड़ा। सरकार का मानना है कि इस सख्ती से शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन आएगा और बच्चों के भविष्य की सुरक्षा होगी।

