कोनी थाने में कथित कबाड़ कारोबारी को चाय-पानी परोसने की तस्वीर वायरल, एसएसपी ने दिखाई सख्ती; एएसपी को सौंपी जांच
बिलासपुर। अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई के दावों के बीच बिलासपुर का कोनी थाना एक बार फिर विवादों में घिर गया है। कथित कबाड़ कारोबारी अकबर खान की थाने के भीतर विशेष खातिरदारी करते हुए वायरल तस्वीर ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर फोटो सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे।
वायरल तस्वीर में कथित कबाड़ी अकबर खान को थाने के अंदर आराम से बैठाकर चाय-पानी कराते हुए देखा जा रहा है। जिस व्यक्ति के कारोबार को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हों, उसे थाने में विशेष मेहमान की तरह तवज्जो दिए जाने की तस्वीर ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है। लोगों का सवाल है कि अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ अभियान चलाने वाली पुलिस आखिर ऐसे लोगों को इतनी अहमियत क्यों दे रही है?
मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस मुख्यालय भी हरकत में आ गया। एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल रिपोर्ट तलब कर प्रारंभिक जांच कराई। जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया। वहीं पूरे मामले की विस्तृत जांच एएसपी पंकज पटेल को सौंपी गई है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि किसी भी थाने को अपराधियों या अवैध कारोबारियों का दरबार नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी थाना क्षेत्र में अपराधियों को संरक्षण देने अथवा विशेष सुविधा उपलब्ध कराने की शिकायत मिली, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के साथ थाना प्रभारी भी कार्रवाई से नहीं बच पाएंगे।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को कड़ा संदेश माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में जिलेभर में अवैध कारोबार और उससे जुड़े नेटवर्क पर निगरानी और अधिक सख्त की जा सकती है। फिलहाल वायरल तस्वीर और जांच रिपोर्ट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं कि आखिर थाने में इस ‘विशेष मेहमाननवाजी’ के पीछे की असल कहानी क्या है।



