जूटमिल रोड पर स्थित शारदा होण्डा शो रूम में बीती रात पौने चार लाख रूपए चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि चोर खिडक़ी के रास्ते भीतर दाखिल होकर लाकर को उठा ले गया, जिसमें तकरीबन तीन लाख 72 हजार रूपए रखे थे। शो रूम संचालक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है। शहर में लगातार चोरी की वारदात बढ़ रही है।
सोमवार को कोतवाली क्षेत्र में जहां श्याम मंदिर में एक बड़ी चोरी हुई तो वहीं जुटमिल क्षेत्र में भी शारदा होण्डा शो रूम में चोरों ने लाकर को उड़ाते हुए पुलिस को चुनौती दे दी। सोमवार की सुबह जब शो रूम खोला गया तो भीतर रखा लाकर गायब दिखा। वहीं खिडक़ी से किसी के घुसने के निशान मिलने पर लाकर चोरी हो जाने की बात स्पष्ट होने पर शो रूम के संचालक ने तदाशय की सूचना पुलिस थाने में दी।
बताया जा रहा है कि डेली बिक्री के पैसे लाकर में रखते हैं तथा कल भी लॉकर में 3 लाख 72 हजार रूपए रख कर शो रूम बंद किया गया था जिसे किसी ने पार कर दिया। पुलिस ने अज्ञात चोर के विरूद्ध बीएनएस की धारा 331 (4), 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।


