टीएस सिंहदेव बने तमिलनाडु–पुडुचेरी स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष**
नई दिल्ली/रायपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (AICC) ने 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों को तेज करते हुए पांच राज्यों की स्क्रीनिंग कमेटियों की घोषणा कर दी है। इस अहम निर्णय के तहत छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव को तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
दरअसल, वर्ष 2026 में तमिलनाडु, केरल, असम, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इन बड़े राज्यों में चुनावी रणनीति को मजबूत करने और उम्मीदवारों के चयन में पारदर्शिता व संतुलन बनाए रखने के लिए कांग्रेस ने अभी से संगठनात्मक कवायद शुरू कर दी है।
स्क्रीनिंग कमेटी की भूमिका अहम
स्क्रीनिंग कमेटी का दायित्व टिकट वितरण से पहले संभावित उम्मीदवारों के नामों की जांच, संगठनात्मक संतुलन, क्षेत्रीय समीकरण और जीत की संभावना का आकलन करना होता है। ऐसे में टीएस सिंहदेव को यह जिम्मेदारी सौंपना कांग्रेस के लिए अनुभव और संतुलित नेतृत्व पर भरोसे का संकेत माना जा रहा है।

राजनीतिक संदेश भी साफ
टीएस सिंहदेव की नियुक्ति को पार्टी के भीतर एक रणनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ से बाहर दक्षिण भारत जैसे महत्वपूर्ण राज्य में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देकर कांग्रेस नेतृत्व ने यह स्पष्ट किया है कि पार्टी अब राष्ट्रीय स्तर पर अनुभवी नेताओं को आगे कर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है।
2026 के चुनावों को लेकर कांग्रेस की यह शुरुआती पहल बताती है कि पार्टी इस बार समय से पहले रणनीति, संगठन और चयन प्रक्रिया को दुरुस्त करने के मूड में है।


