कांग्रेस की राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस ने कोरबा जिले में संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम राजनीतिक कदम उठाया है। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (छत्तीसगढ़) के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष शील द्वारा जारी आदेश के अनुसार बसुदेव प्रसाद सोनवानी को कोरबा जिले का युवा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी के निर्णय के तहत की गई है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में कोरबा जिले में मजदूरों, श्रमिकों और युवाओं के अधिकारों को लेकर संघर्ष को और तेज किया जाएगा। बसुदेव प्रसाद सोनवानी को मजदूर आंदोलन से जुड़े युवाओं को संगठित करने, श्रमिक हितों की रक्षा करने तथा समाज के वंचित और दबे-कुचले वर्ग की आवाज बुलंद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति कोरबा जिले में कांग्रेस की मजदूर राजनीति को नई धार देने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के माध्यम से कांग्रेस श्रमिक वर्ग के बीच अपनी पकड़ और प्रभाव को और सशक्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
नियुक्ति की खबर के बाद संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है और इसे कोरबा की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम माना जा रहा है।



