डीएन (धर्मनारायण) तिवारी को रक्षित केंद्र भेजा गया, हरदी बाजार टीआई प्रमोद डडसेना को मिली नगर कोतवाली की कमान
कोरबा। नगर कोतवाली में थाना प्रभारी के पद पर हुए त्वरित बदलाव ने पुलिस महकमे और शहर में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है। एक दिन पहले ही नगर कोतवाली का प्रभार संभालने वाले निरीक्षक डीएन (धर्मनारायण) तिवारी को अगले ही दिन रक्षित केंद्र पदस्थ कर दिया गया। उनकी जगह हरदी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद डडसेना को नगर कोतवाली का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
29 जून 2026 को जारी प्रशासनिक आदेश के तहत कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को नगर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि तत्कालीन कोतवाली प्रभारी बी. पटेल को कटघोरा थाना भेजा गया था। इसके बाद 30 जून को डीएन तिवारी ने नगर कोतवाली पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने को अपनी प्राथमिकता बताया था।
हालांकि, पदभार ग्रहण करने के अगले ही दिन जारी नए आदेश में डीएन तिवारी को रक्षित केंद्र पदस्थ कर दिया गया। वहीं हरदी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद डडसेना को नगर कोतवाली का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया।
इस अप्रत्याशित बदलाव के बाद पुलिस विभाग और शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, तबादले के कारणों को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसा कौन-सा प्रशासनिक कारण उत्पन्न हुआ, जिसके चलते एक दिन पहले पदभार संभालने वाले थाना प्रभारी को तत्काल बदलना पड़ा? इसका जवाब फिलहाल आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है। जब तक पुलिस विभाग की ओर से कोई स्पष्टीकरण जारी नहीं किया जाता, तब तक इस बदलाव के कारणों को लेकर केवल कयास ही लगाए जा रहे हैं।


