कोरबा। शहर के व्यस्ततम सीएसईबी चौक में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर खड़ा कर सीधे सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद चौक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मृतक की पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


