बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के मोपका निवासी एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से जमीन दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोपका स्थित गणपति होम्स निवासी शंभुनाथ मिश्रा, जो डीएवी पब्लिक स्कूल भटगांव (जिला सूरजपुर) से सेवानिवृत्त हैं, ने पुलिस को बताया कि स्कूल परिसर में लगे जमीन बिक्री के विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर उन्होंने संपर्क किया। इसके बाद उनकी मुलाकात मुकेश सिंह नामक व्यक्ति से सरकंडा के बसंत विहार स्थित एटमस्फेयर के पास हुई।
आरोपित ने चिल्हाटी रोड के पास करीब 1200 वर्गफुट जमीन दिखाकर बुकिंग के नाम पर 21 हजार रुपये एडवांस लिए। बाद में रजिस्ट्री कराने का भरोसा देकर शेष राशि भी जमा करा ली। पीड़ित ने अपने भविष्य निधि (पीएफ) से 4 लाख 79 हजार रुपये निकालकर आरोपित के खाते में जमा कर दिए। इस तरह कुल 5 लाख रुपये आरोपित को दे दिए।
राशि लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे वापस किए गए। लगातार टालमटोल करने के बाद आरोपित ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को विज्ञापन की प्रति, बैंक भुगतान के दस्तावेज और अन्य साक्ष्य सौंपे हैं। शिकायत की जांच के बाद सरकंडा पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी (आईपीसी की धारा 420) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


