कोरबा। नगर निगम के लिए एल्डरमैन की नियुक्ति सूची जारी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के भीतर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। कार्यकर्ताओं के बीच सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि लगभग एक वर्ष पहले जिस परिवार के एक सदस्य को भाजपा जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी, अब उसी परिवार के जीजा को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है।
नियुक्ति के बाद संगठन के भीतर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ कार्यकर्ता इसे पार्टी नेतृत्व का निर्णय बताते हुए स्वागत कर रहे हैं, जबकि कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और लंबे समय से दावेदारी कर रहे नेताओं के समर्थकों में निराशा दिखाई दे रही है।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि कई ऐसे नेता, जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे और एल्डरमैन बनने की उम्मीद लगाए बैठे थे, इस बार भी सूची से बाहर रह गए। इससे उनके समर्थकों के बीच मायूसी का माहौल है।
हालांकि पार्टी की ओर से नियुक्तियों को संगठनात्मक आवश्यकता और नेतृत्व के विवेकाधिकार के तहत लिया गया निर्णय बताया जा रहा है। आने वाले समय में अन्य दायित्वों में वंचित नेताओं को अवसर मिलने की संभावना पर भी चर्चाएं जारी हैं।



