मुंबई। अभिनेता अजय देवगन की आगामी एक्शन फिल्म ‘चौहान’ का फर्स्ट लुक और अनाउंसमेंट वीडियो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो के आखिर में अजय देवगन का दमदार डायलॉग— “पठानों से कहना, चौहान आ रहा है”— सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है।
इस एक लाइन के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स का मानना है कि यह डायलॉग शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ की ओर इशारा करता है, जबकि कई लोगों का कहना है कि यह केवल फिल्म के किरदार ‘चौहान’ को दमदार अंदाज में पेश करने के लिए लिखा गया संवाद है।
फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शंस कर रहे हैं। निर्देशक नीरज यादव की इस एक्शन फिल्म में अजय देवगन एक नए और दमदार अवतार में नजर आएंगे। फिल्म 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हालांकि, फिल्म के निर्माताओं या अजय देवगन की ओर से इस डायलॉग को लेकर किसी तरह का आधिकारिक बयान नहीं आया है। फिलहाल यह संवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और फैंस अपने-अपने अंदाज में इसकी व्याख्या कर रहे हैं।


