वाराणसी। सोशल मीडिया पर रील बनाकर ‘भौकाल’ दिखाने का शौक एक युवक को महंगा पड़ गया। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के गोदौलिया से दशाश्वमेध मार्ग पर हाथ में पिस्टल जैसी दिखने वाली टॉय गन लेकर रील बनाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो की जांच के दौरान युवक की पहचान रवि शंकर मिश्रा (23) पुत्र सुरेंद्र नाथ मिश्रा, निवासी भीमचंडी, थाना राजातालाब, वाराणसी (वर्तमान पता- दत्तात्रेय मठ, अगस्तकुंडा, थाना दशाश्वमेध) के रूप में हुई।
जांच में पुलिस ने आरोपी को वायरल वीडियो में प्रयुक्त टॉय गन के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल असली नहीं, बल्कि नकली (टॉय गन) थी। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थान पर हथियार जैसा प्रदर्शन कर वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानून-व्यवस्था की दृष्टि से गंभीर माना गया।
पुलिस ने टॉय गन जब्त कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए इस तरह के स्टंट या हथियारों जैसे दिखने वाले सामान का सार्वजनिक प्रदर्शन न करें, क्योंकि इससे आम लोगों में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।


