कोरबा कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर सब स्टेशन के सामने संतोष केवट के घर में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग घर के किचन से शुरू हुई और कुछ ही देर में गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में टीवी, फ्रिज, कूलर, अलमारी, पलंग सहित घर का पूरा राशन और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
वार्ड 11 के पार्षद पति सुजीत राठौर ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार काम पर गया हुआ था और घर में ताला बंद था। किचन में रखा सिलेंडर आग की चपेट में आ गया था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता से स्थिति संभल गई।
मकान मालिक संतोष केवट ने बताया कि सुबह 9 बजे पूजा-पाठ के बाद वे पत्नी समेत काम पर निकल गए थे, तभी आग लगने की सूचना मिली। प्रारंभिक तौर पर पूजा कक्ष में जल रहे दीये की बाती चूहे द्वारा खींच ले जाने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जांच की।


