दंतेवाड़ा में पदस्थ महिला डीएसपी कल्पना शर्मा पर ब्लैकमेल करने और दो करोड़ रुपए नहीं लौटाने समेत कई और गंभीर आरोप लगाकर चर्चा में आया होटल कारोबारी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन कोरबा के कोयला व्यवसाय से नाम कमा चुका है। 2022 में उस पर 27 लाख रुपए की धोखाधड़ी का अपराध दर्ज होने के बाद मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। कोरबा न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। संकेत मिले हैं कि आने वाले दिनों में पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकती है।
सूत्रों के मुताबिक दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन 10–15 साल पहले कोरबा में फोटो फ्रेम और पुस्तक दुकान चलाता था। बाद में वह रायपुर में बड़े होटल कारोबारी के रूप में उभरा। उसने डीएसपी कल्पना शर्मा पर ब्लैकमेल व ठगी का आरोप लगाते हुए दो करोड़ रुपए देने की बात सोशल मीडिया में कही थी। रायपुर में दो होटलों में भी उसके लाखों रुपए निवेश होने की बात सामने आई है। पुलिस महकमे में यह चर्चा है कि आखिर फोटो फ्रेम दुकान चलाने वाला व्यक्ति इतना बड़ा होटल कारोबारी कैसे बन गया? उसके पास दो करोड़ रुपए कैश कहां से आए? डीएसपी के आरोपों के बाद उसके खिलाफ चेक बाउंस के भी केस सामने आए।
कोरबा एसपी ने की पुष्टि, चेक बाउंस के भी हैं मामले
दीपक (कोरबा) थाने में महेंद्र सिंह नामक कारोबारी ने रिपोर्ट लिखाई थी। आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर ने निवेश के नाम पर 27 लाख रुपए लिए लेकिन वापसी नहीं की। पुलिस ने वर्ष 2022 में अपराध दर्ज कर विवेचना के बाद न्यायालय में चालान पेश किया था। सुनवाई के लिए 11 सितंबर की तारीख निर्धारित थी लेकिन आरोपी पेश नहीं हुआ। इसके बाद कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चेक बाउंस के भी मामले दर्ज हैं। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने आरोपी के खिलाफ वारंट जारी होने की पुष्टि की है।
काफी प्रभावशाली रहा है आरोपी, कई पुलिस अफसरों से भी उसका संपर्क रहा है। इसी बीच लाखों रुपए के लेन-देन की बातें खुद आरोपी ही कर रहा है। कोयला घोटाले में फंसे कुछ लोगों से उसके पुराने संबंध और उनसे जेल में मिलने जाने की भी चर्चा है। कोयला कारोबार करने वाली लख इंटरप्राइजेस और शराब की बोतल से जुड़ा काम करने वाली फर्म से भी उसका संबंध होने की चर्चा है। ऐसे में शराब और कोयला घोटाले की जांच कर रही एजेंसियों का ध्यान कभी भी उसकी ओर जा सकता है।
चेक बाउंस केस में पत्नी की पेशी होने लगी तब आरोप, तस्वीरें-चैट भी किए वायरल :
फ्रॉड के आरोपी होटल कारोबारी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ कुछ महीने पहले डीएसपी के पिता ने 40 लाख रुपए के लेन-देन फ्रॉड का आरोप लगाते हुए चेक बाउंस का केस कोर्ट लगाया था। इस मामले में टंडन की पेशी शुरू हो चुकी है। बताया जा रहा है कि रायपुर के एक थाने में डीएसपी ने चेक लेने और रकम नहीं लौटाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी, जिसे पुलिस ने लेन-देन व कारोबारी विवाद बताते हुए कोर्ट जाने कहा। इसके बाद दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन ने केवल रकम मिलने की बात लेकर आरोप लगाए। सोशल मीडिया में तस्वीरें और व्हाट्सएप चैट वायरल किए, जिसे डीएसपी ने बताया गया। इस मामले में डीएसपी ने विधिक प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।


