कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कुदरी गांव में बुधवार-गुरुवार देर रात वह घटना सामने आई जिसने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया। कबाड़ व्यवसायी मोहम्मद अशरफ मेमन समेत तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतकों में सुरेश साहू (तुलसी नगर, कोरबा), मो. अशरफ (पुरानी बस्ती, कोरबा) और नीतीश कुमार (दुर्ग) शामिल हैं।
पहले इसे गला घोंटकर हत्या का मामला बताया जा रहा था, लेकिन अब सामने आ रही जानकारियों ने मामले को और उलझा दिया है। सूत्रों के मुताबिक यह घटना ‘तंत्र-मंत्र से पैसे कई गुना करने’ के अवैध अनुष्ठान से जुड़ी हो सकती है।
💰 पैसे को 50 गुना करने का लालच?
सूत्र बताते हैं कि मृतकों को 5 लाख रुपये को तंत्र-मंत्र के जरिए 2.5 करोड़ रुपये में बदलने का लालच दिया गया था। इसी कथित “तंत्र क्रिया” के लिए बिलासपुर से एक बैगा और उसकी टीम कुदरी गांव आई थी।
तीनों मृतक कबाड़ी के एक फार्म हाउस में मौजूद थे, जहाँ रातभर यह अनुष्ठान किया जा रहा था। इसी दौरान उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और बाद में तीनों की मौत हो गई।
🔍 परिजन बोले—ये तंत्र-मंत्र नहीं, हत्या है
परिजनों ने साफ शब्दों में हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शवों पर चोट और खरोंच के निशान मिले हैं, जो किसी तरह की मारपीट या जोर-ज़बरदस्ती की ओर संकेत करते हैं।
पुलिस ने पूरे मामले को संदेहास्पद मानते हुए जांच तेज कर दी है।
फिलहाल बैगा और उसकी टीम पर भी शक की सुई जा रही है।
—


