कोरबा। 8 दिसंबर को बालको प्लांट के अंदर हुए भीषण हादसे ने कर्मचारियों और उनके परिवारों में गहरा भय पैदा कर दिया है। बताया जा रहा है कि BALCO प्रबंधन द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते प्लांट में लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं। इसी कड़ी में BALCO के GAP (ग्रीन एनोड प्लांट) में अचानक हुए तेज धमाके ने पूरे प्लांट परिसर को हिला दिया। प्रतिदिन की तरह कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर कार्य कर रहे थे, तभी एक जोरदार विस्फोट की आवाज गूंजी और कुछ ही क्षणों में पूरा परिसर घने धुएँ से भर गया। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद कर्मचारी दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बद्री अग्रवाल ने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने बालको प्रबंधन की लापरवाही को हजारों मजदूरों के जीवन से खिलवाड़ बताया है। अग्रवाल ने मांग की है कि बालकों के मालिक अनिल अग्रवाल, सीईओ राजेश कुमार, सुरक्षा प्रमुख भारतेंदु पांडे, नगर प्रशासन प्रमुख कैप्टन धनंजय मिश्रा और सुमंत सिंह के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बालको प्रबंधन अपने निजी स्वार्थ में इस कदर लिप्त है कि वन विभाग द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद G+9 निर्माण कार्य रात के अंधेरे में तेज गति से जारी है, जो कि पूरी तरह अवैध है। अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि बालको अपना अड़ियल रवैया नहीं छोड़ता, तो आने वाले दिनों में इसके खिलाफ बड़ा और उग्र आंदोलन खड़ा किया जाएगा।


