प्रशासनिक फेरबदल के बाद मजबूत हुआ महिला नेतृत्व, 33 में से 12 जिलों में महिला IAS अधिकारियों की जिम्मेदारी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसका असर अब प्रदेश के जिला प्रशासन में भी दिखाई दे रहा है। 18 अगस्त को हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के 33 जिलों में से 12 जिलों की कमान महिला IAS अधिकारियों के हाथों में है।
महिला अधिकारियों को कलेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी मिलना प्रशासनिक नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। कलेक्टर जिले में शासन की योजनाओं और नीतियों के क्रियान्वयन की प्रमुख कड़ी होती हैं। ऐसे में इन महत्वपूर्ण पदों पर महिला अधिकारियों की नियुक्ति को प्रशासनिक क्षेत्र में महिला नेतृत्व के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
फेरबदल में भी महिला अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
18 अगस्त को जारी IAS अधिकारियों की तबादला सूची में कई महिला अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई। जयश्री जैन को सक्ती, तुलिका प्रजापति को कबीरधाम और तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई।
सरकार के इस फेरबदल में अधिकारियों की क्षमता, अनुभव और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारियां दिए जाने की बात सामने आई है। महिला अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिलों की कमान मिलना भी इसी प्रशासनिक भरोसे का संकेत माना जा रहा है।
इन 12 जिलों में महिला कलेक्टर
कोंडागांव — नूपुर राशि पन्ना
बेमेतरा — प्रतिष्ठा ममगई
नारायणपुर — नम्रता जैन
बालोद — दिव्या मिश्रा
सूरजपुर — रेना जमील
सक्ती — जयश्री जैन
कबीरधाम — तुलिका प्रजापति
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी — तनुजा सलाम
सारंगढ़-बिलाईगढ़ — पद्मिनी भोई साहू
बलरामपुर-रामानुजगंज — चंदन संजय त्रिपाठी
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर — संतंन देवी जांगड़े
कोरिया — रोक्तिमा यादव
प्रशासन में बढ़ती महिला भागीदारी
कलेक्टर के पद पर रहते हुए अधिकारियों के सामने विकास कार्यों की निगरानी, राजस्व प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा शासन की विभिन्न योजनाओं को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होती हैं।
ऐसे में प्रदेश के 12 जिलों में महिला IAS अधिकारियों को कलेक्टर की जिम्मेदारी मिलना प्रशासनिक व्यवस्था में महिला नेतृत्व की मजबूत होती भूमिका को रेखांकित करता है।


