भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के सांसद-विधायक एवं प्रदेश के मंत्रियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करेगी। प्रशिक्षण शिविर 7 से 9 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे वहीं इसका समापन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम मैनपाट में कराए जाने की संभावना है, इसके लिए स्थल चयन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तीन दिन के प्रशिक्षण शिविर में सांसदों-विधायकों और मंत्रियों को भाजपा के सुशासन और पार्टी की नीतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही भाजपा की यात्रा पर फोकस होगा।
भाजपा के सिद्धांत और रीति नीति पर फोकस
बताया गया है कि प्रशिक्षण शिविर में भाजपा के सिद्धांत और रीति-नीति से सभी सांसद, विधायकों और मंत्रियों को परिचित कराया जाएगा। पार्टी के कार्य के अनुरूप उनका आचरण हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रहेंगे सभी सत्रों में
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रशिक्षण शिविर में तीनों दिन रह सकते हैं। वे सत्र को संबोधित भी कर सकते हैं। वहीं विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह भी जन प्रतिनिधियों को अपने दीर्घ अनुभवों के आधार पर बताएंगे कि किस तरह लोकप्रिय जन प्रतिनिधि बना जा सकता है। जनता से सीधे संवाद कैसे किया जाए और पार्टी की रीति नीति पर कैसे कायम रहा जाए।


