नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस आज प्रदेशभर में महिलाओं संग करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
छत्तीसगढ़ की राजनीति में महिला मुद्दों को लेकर आज से बड़ा सियासी संग्राम शुरू होने जा रहा है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही एक-दूसरे को महिला विरोधी साबित करने के लिए मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।
कांग्रेस ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर आरोप लगाया है कि वह नारी शक्ति वंदन अधिनियम के नाम पर महिलाओं की भावनाओं के साथ राजनीति कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने महिला आरक्षण के मुद्दे को सिर्फ चुनावी फायदा लेने के लिए इस्तेमाल किया।
इसी कड़ी में कांग्रेस आज प्रदेशभर में महिलाओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस (PC) आयोजित करेगी, जिसमें वह यह बताएगी कि कांग्रेस ने किन-किन तारीखों पर महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पेश किए थे और उस दौरान भाजपा व उसके सहयोगी दलों ने किस तरह विरोध किया।
कांग्रेस का यह भी आरोप है कि भाजपा ने महिला आरक्षण बिल के साथ परिसीमन (Delimitation) का मुद्दा जोड़कर इसे लागू करने में देरी की रणनीति अपनाई।
वहीं, भाजपा भी कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने की तैयारी में है और जल्द ही इस मुद्दे पर अपनी रणनीति सामने रख सकती है।
महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर शुरू हुआ यह सियासी घमासान आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं।


