रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल अधिकारियों पर नाराज नजर आए। बैठक के दौरान उन्होंने ट्रैफिक विभाग के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “ट्रैफिक में तुम्हारा सेंस काम नहीं करता।”
सांसद ने कहा कि रायपुर की सबसे बड़ी समस्याओं में ट्रैफिक जाम प्रमुख है और इससे आम नागरिक रोजाना परेशान हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी और व्यावहारिक कदम उठाए जाएं तथा ट्रैफिक प्रबंधन में तत्काल सुधार किया जाए।
यह समीक्षा बैठक रायपुर कलेक्टर और ग्रामीण एसपी श्वेता सिंह की मौजूदगी में आयोजित हुई, जिसमें ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक का वीडियो स्वयं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो सामने आने के बाद यह राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

