राताखार बस्ती में नाले की सफाई नहीं होने से जलभराव, स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल।
कोरबा। नगर निगम क्षेत्र के राताखार वार्ड में मानसून की पहली ही बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। वार्ड के कई घरों में बारिश का पानी घुस जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई महीनों पहले से नाले की सफाई कराने की मांग की थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
रविवार को हुई बारिश के बाद नालों का पानी ओवरफ्लो होकर रिहायशी इलाकों में फैल गया। कई घरों के आंगन और कमरों में पानी भर गया, जिससे घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ। लोगों का कहना है कि यदि समय पर नालों की सफाई कर दी जाती, तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया कि जब केंद्र, राज्य और नगर निगम में एक ही दल की सरकार होने का दावा किया जाता है, तब नालों की सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्था समय पर क्यों नहीं हो पाई। उनका कहना है कि विकास के दावे तभी सार्थक होंगे, जब उनका लाभ जमीनी स्तर पर दिखाई देगा।
निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने, नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग की है। उनका कहना है कि हर बारिश में यही समस्या दोहराई जाती है, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस कदम अब तक नहीं उठाए गए हैं।



