उत्तर प्रदेश में हिंदू लड़कियों को मुस्लिम बनाने वाले गैंग का सरगना जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस तरह की राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस गैंग में शामिल सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनकी संपत्तियां जब्त की जाएंगी। बता दें कि आरोपी जलालुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हमारी सरकार बहन-बेटियों की गरिमा और सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जलालउद्दीन की गतिविधियां समाज विरोधी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र विरोधी भी हैं।
- उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी। आरोपी और उसके गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी और उन पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
-
- राज्य में शांति, सौहार्द और महिलाओं की सुरक्षा को भंग करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्हें कानून के अनुसार ऐसी सजा दी जाएगी, जो समाज के लिए एक उदाहरण बने।
आरोपियों के आवास पर चला बुल्डोजर
उत्तर प्रदेश प्रशासन ने मामले को काफी गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया से पहले ही तुरंत मुख्य आरोपी जलालुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार की सुबह बलरामपुर जिले में आरोपी की सहयोगी महिला नीतू रोहरा पति नवीन रोहरा के आवास पर बुलडोजर चला गया। इसके अलावा कोठी पर तीन अलग-अलग तारीखों के नोटिस पर भी लगाए गए हैं।


