रामपुर से मरवाही और कोरिया तक कमजोर नेटवर्क पर सांसद ने जताई नाराजगी, नए टावर और मौजूदा टावरों की क्षमता बढ़ाने के दिए निर्देश

कोरबा लोकसभा क्षेत्र के शहरी क्षेत्रों से लेकर दूरदराज और इंटीरियर गांवों तक मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर सांसद ज्योत्स्ना चरणदास महंत ने दूरसंचार विभाग और बीएसएनएल के अधिकारियों की बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा की। कोरबा स्थित निवास पर आयोजित बैठक में रामपुर, पाली-तानाखार, कटघोरा, मरवाही और कोरिया जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

सांसद महंत ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जिन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क कमजोर है या पूरी तरह उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल तकनीकी सर्वे कराया जाए। आवश्यकता के अनुसार नए मोबाइल टावर स्थापित करने तथा मौजूदा टावरों की क्षमता बढ़ाने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में मोबाइल नेटवर्क महज बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है। ग्रामीणों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, रोजगार, ऑनलाइन सेवाओं और सरकारी योजनाओं तक पहुंच सीधे तौर पर नेटवर्क सुविधा से जुड़ी है। नेटवर्क नहीं होने से कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में चिकित्सा और प्रशासनिक सहायता तक पहुंचने में भी गंभीर परेशानी होती है।

आदिवासी और इंटीरियर गांवों को प्राथमिकता

सांसद ने दूरस्थ क्षेत्रों में स्थापित बीएसएनएल टावरों के नियमित रखरखाव और उनके सुचारु संचालन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोरबा लोकसभा क्षेत्र के आदिवासी एवं दूरस्थ गांवों को मजबूत और निर्बाध मोबाइल नेटवर्क से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय जमीनी स्तर पर नेटवर्क की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए और जहां समस्या है, वहां उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।


नेटवर्क को बताया बुनियादी जरूरत

सांसद ज्योत्स्ना महंत ने कहा कि डिजिटल युग में बेहतर नेटवर्क ग्रामीण विकास की बुनियादी जरूरत बन चुका है। दूरस्थ गांवों में निर्बाध कनेक्टिविटी उपलब्ध होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।

बैठक में पूर्व राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा, प्रदेश सचिव हरीश परसाई, दूरसंचार सलाहकार समिति सदस्य दिनेश सोनी, महाप्रबंधक दूरसंचार विभाग (व्यवसाय) बिलासपुर नितेश श्रीवास्तव, एजीएम गेंदराम कुशराम, कोरबा एजीएम आशीष टोप्पो, साकेत गोस्वामी, राजेश सूद और जय नारायण देवांगन सहित दूरसंचार विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

उक्ताशय की जानकारी दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य एवं पूर्व पार्षद दिनेश सोनी ने दी।

Share.

About Us

हमारी यह समाचार पोर्टल वेबसाइट नवीनतम ख़बरों, विस्तृत विश्लेषण और सामयिक घटनाओं की सटीक जानकारी प्रदान करती है। कन्हैया सोनी द्वारा स्थापित और संपादित, हम निष्पक्ष और विश्वसनीय समाचारों के प्रति समर्पित हैं।

Contact Us

 Editor: कन्हैया सोनी

Contact No.: +91 89596 82168
Email : kaniyason2521@gmail.com

Follow For More

© 2025 Soni Narad Muni News. All Rights Reserved. Developed by Nimble Technology

Exit mobile version