जिलाध्यक्ष बनने के बाद बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर फोकस, भिलाई बाजार मंडल डिजिटल प्रशिक्षण अभियान में बना मिसाल।
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के कोरबा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में संगठन लगातार नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर देते हुए भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल प्रशिक्षण महाअभियान (DLP) जिले में तेजी से गति पकड़ रहा है। इसका सबसे प्रभावी उदाहरण भिलाई बाजार मंडल में देखने को मिल रहा है, जहां बूथ स्तर तक डिजिटल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में मंडल अध्यक्ष दिनेश कुमार राठौर एवं उनकी टीम ने अभियान को हर शक्ति केंद्र और बूथ तक पहुंचाया है। कार्यकर्ता अपने स्मार्टफोन के माध्यम से संगठन द्वारा उपलब्ध कराए गए एप पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण में भाजपा का इतिहास, पंचनिष्ठा, नमो एप का उपयोग, संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि गोपाल मोदी के जिलाध्यक्ष बनने के बाद संगठनात्मक गतिविधियों में उल्लेखनीय तेजी आई है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से सतत संवाद, नियमित प्रशिक्षण और संगठन को तकनीक से जोड़ने की पहल ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा किया है।
मंडल अध्यक्ष दिनेश कुमार राठौर ने कहा कि डिजिटल प्रशिक्षण महाअभियान संगठन को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम, अनुशासित और जनसेवा के लिए प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे कार्यकर्ता वैचारिक और तकनीकी रूप से सशक्त होंगे तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकेंगे।
भाजपा का मानना है कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं और गोपाल मोदी के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान उसी सोच को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।


