एडीजी इंटेलिजेंस से ली घटना की पूरी जानकारी, परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने के दिए निर्देश; आतंकवाद की कड़े शब्दों में की निंदा
रायपुर/जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के किलम क्षेत्र में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। आतंकवादियों ने दोनों मजदूरों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान दीपक कुमार रात्रे, पिता उमा शंकर रात्रे, निवासी वार्ड क्रमांक 03, ग्राम बुंदेली, जिला जांजगीर-चांपा तथा भूपेंद्र कुमार भैना, पिता दशरथ भैना, निवासी एच.एन. 128, छुइया, बलौदा बाजार क्षेत्र, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं शक्ति विधायक डॉ. चरणदास महंत ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए एडीजी इंटेलिजेंस अमित कुमार से दूरभाष पर संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने दोनों मजदूरों की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से तत्काल संपर्क स्थापित कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डॉ. महंत ने इस आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष मजदूरों को निशाना बनाना बेहद अमानवीय और कायरतापूर्ण कृत्य है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
इस घटना से पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है। राज्य के लोगों ने दिवंगत मजदूरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को इस कठिन समय में हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।



