बैरक में फंदे पर लटका मिला आरक्षक जय लहरे का शव, आत्महत्या के कारणों की हर पहलू से जांच शुरू
सक्ती | नारदमुनि न्यूज़
सक्ती जिले के हसौद थाना परिसर में शनिवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई। थाना में पदस्थ आरक्षक जय लहरे ने थाना परिसर स्थित बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरक्षक जय लहरे बैरक में फंदे से लटके हुए मिले। थाना स्टाफ ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक आरक्षक जय लहरे जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलवाही के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी हसौद पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। व्यक्तिगत, पारिवारिक, मानसिक तनाव या अन्य किसी भी संभावित कारण सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
नारदमुनि न्यूज़ मृतक आरक्षक जय लहरे को श्रद्धांजलि अर्पित करता है और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।



