रायपुर के तात्यापारा में जुलूस के दौरान हुआ हंगामा, हिस्ट्रीशीटर पर चाकू मारने का आरोप
रायपुर। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर राजधानी रायपुर में निकाले जा रहे जुलूस के दौरान हंगामा हो गया। आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा इलाके में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश पर तीन युवकों को चाकू मारकर घायल करने का आरोप है। घटना के बाद जुलूस में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, तात्यापारा इलाके से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस गुजर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद और हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने कथित तौर पर तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल चाकूबाजी की वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और आरोपी की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



