गुरु घासीदास चौक के पास पंजाब होटल के बगल में तीन दिन से दौड़ रहा करंट, शिकायतों के बाद भी निगम बेखबर; ऑटो चालक ईलियाह खान लोगों को बचाने में जुटे।
कोरबा। नगर निगम और बिजली व्यवस्था की घोर लापरवाही ने गुरु घासीदास चौक स्थित पंजाब होटल के बगल में एक स्ट्रीट लाइट के खंभे को ‘मौत का खंभा’ बना दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से इस खंभे में करंट उतर रहा है। शुक्रवार सुबह इस लापरवाही की कीमत एक बेजुबान कुत्ते को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। करंट की चपेट में आते ही कुत्ता खंभे से चिपक गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद नगर निगम की टीम मृत कुत्ते को तो उठा ले गई, लेकिन जिस खंभे से करंट फैल रहा है, उसे सुरक्षित करने या सुधारने की दिशा में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जा चुकी है, फिर भी मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा।
बारिश के मौसम में यह खंभा राहगीरों, दुकानदारों और स्कूली बच्चों के लिए किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में एक स्थानीय ऑटो चालक ईलियास खान अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को उस खंभे से दूर रहने की चेतावनी दे रहे हैं और भीगे हुए राहगीरों को सावधान कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते करंट बंद नहीं किया गया और खंभे की मरम्मत नहीं हुई, तो अगला शिकार कोई इंसान भी हो सकता है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है, या फिर एक और जान जाने के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी?



