छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष और भाजपा नेता भूपेश सवन्नी पर वेंडर्स ने काम के बदले 3% कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। क्रेडा में काम करने वाले वेंडर्स ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह से की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी अपने निज सहायक वैभव दुबे के माध्यम से इस कमीशन की मांग कर रहे हैं। वेंडर्स ने ब्लैक लिस्टेड करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
जो काम पूरा हो चुका, उसका मांग रहे पैसा
वेंडर्स के अनुसार जब से क्रेडा अध्यक्ष का पदभार भूपेंद्र सवन्नी ने संभाला है। उसके बाद से वैभव दुबे उन पर दबाव बना रहा है। वेंडर्स से जो काम पूरा हो चुका है, उसका 3 प्रतिशत मांगा जा रहा है। साथ ही जो वेंडर्स विरोध कर रहे हैं, उनके काम की जांच कराने, उन्हें नोटिस देने और ब्लैक लिस्टेड करने की धमकी दी जा रही है।
PM मोदी और गृहमंत्री शाह से भी शिकायत
वेंडर्स ने क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी और उनके निज सहायक वैभव दुबे की शिकायत पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन मंत्री पवन साय से की है। वेंडर्स ने इस मामले में गोपनीय जांच कराने और बीजेपी नेता भूपेंद्र सवन्नी पर कार्रवाई की मांग की है।
जून में वेंडर्स ने की थी शिकायत
क्रेडा अध्यक्ष और उनके निजी सहायक के खिलाफ वेंडर्स ने 20 जून को शिकायत की थी। 1 जुलाई को इसे रिमॉर्क किया गया है। 8 जुलाई को इस मामले में मुख्यमंत्री सचिवालय ने जांच के निर्देश दिए हैं।
जांच के साथ ही पूरी रिपोर्ट जनदर्शन की वेबसाइट में अपलोड करने के लिए कहा गया है। 29 जुलाई को यह मामला सोशल मीडिया और राजनैतिक गलियारे में चर्चा का विषय बना हुआ है। क्रेडा अध्यक्ष पर लगे आरोपों पर बीजेपी की ओर से अब तक कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया गया है।
चंदा दो, धंधा लो ये भाजपा की नीति- कांग्रेस
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी के खिलाफ हुई शिकायत को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कि चंदा दो और धंधा लो ये भाजपा की नीति है। ठेकेदार परेशान हैं और डरे हुए हैं। भाजपा नेता हर मामले में कमीशन की मांग करते हैं। हर विभाग में कमीशनखोरी चल रही है।
भूपेंद्र सवन्नी बोले- मेरे खिलाफ शिकायत निराधार
बीजेपी नेता और क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने वेंडर्स की शिकायत को निराधार बताया है। उन्होंने ऑफिस पहुंचकर पूरे मामले में विस्तृत जानकारी देने की बात कही है।


