कोरबा: छत्तीसगढ़ की साय सरकार में बुधवार को कैबिनेट का विस्तार हुआ. राजभवन में सीएम विष्णु देव साय की मौजूदगी में राज्यपाल रमन डेका ने तीन मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.जिन्हें मंत्री बनाया गया, उनके नाम पहले ही मीडिया में आ चुके थे.गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल जैसे पहली बार के विधायकों को मंत्री बनाया गया है. सीनियर्स को दरकिनार कर जूनियर लीडर को मंत्री बनाए जाने पर नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने चुटकी ली है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के सीनियर्स, जिस तरह से अपना गुस्सा दिखा रहे हैं. उनकी नाराजगी का फायदा कांग्रेस को जरूर मिलेगा.
“अच्छी बात है नए लोगों को मंत्री बनाया”: नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह अच्छी बात है कि नए विधायकों को मंत्री बनाया. इसका फायदा कांग्रेस को मिलेगा. डॉ महंत ने कहा कि अच्छा है, यह बहुत अच्छा हुआ है कि नए-नए लोग आए हैं. वह अच्छा काम करेंगे, हमें यह विश्वास है.बाकी बातें सबको पता है.
बीजेपी के सीनियर लोग जिस ढंग से अपना गुस्सा दिखा रहे हैं. उनकी जो नाराजगी है अब वह भी बढ़ेगी, तो उसका लाभ कांग्रेस को मिलेगा. अगली बार बीजेपी के सीनियर लीडर्स के रोष के कारण भी कांग्रेस की जीत सुनिश्चित होगी.यह मैं कह सकता हूं- चरण दास महंत, नेता प्रतिपक्ष, छत्तीसगढ़ विधानसभा
तीन में से दो मंत्री कांग्रेस के बैकग्राउंड वाले : बुधवार को चरण दास महंत एक कार्यक्रम में शामिल होने कोरबा पहुंचे थे. जहां पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एकत्र हुए थे. यहां इस बात की चर्चा थी की हरियाणा फॉर्मूले पर छत्तीसगढ़ में 14 मंत्री बना दिए गए हैं, लेकिन जिन तीन मंत्रियों ने बुधवार को शपथ ली है. इनमें से दो कांग्रेस के बैकग्राउंड वाले हैं. सरगुजा के विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब दोनों कांग्रेस की पृष्ठभूमि से जुड़े रह चुके हैं. पिछले विधानसभा चुनाव के पहले ये दोनों नेता कांग्रेस में थे.जो पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए, चुनाव जीत कर पहली बार विधायक बने और अब उन्हें भाजपा ने मंत्री बना दिया है.

