कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। शुक्रवार को निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में महापौर संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पांडेय ने “मेयर की पाती” व्यवस्था का शुभारंभ किया।
इस पहल के तहत अब पानी, बिजली और साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे के भीतर समाधान करने की व्यवस्था की गई है। यदि निर्धारित समय में समस्या का निराकरण नहीं हो पाता, तो संबंधित प्रभारी अधिकारी को उसका ठोस कारण भी बताना होगा।
नगर निगम परिसर साकेत में इसके लिए नीले, पीले और हरे रंग के तीन लेटर बॉक्स लगाए गए हैं। नीले बॉक्स में पेयजल, पीले बॉक्स में स्ट्रीट लाइट व बिजली तथा हरे बॉक्स में साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतें नागरिक डाल सकेंगे।
इन शिकायत पत्रों को तुरंत दर्ज कर संबंधित अधिकारी के मोबाइल पर भेजा जाएगा, जिसके बाद अधिकारी 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान सुनिश्चित करेंगे।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों को उनकी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयसीमा में त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि नगर निगम की सेवाएं और अधिक प्रभावी और जवाबदेह बन सकें।



